गोंडा। जिले में पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली कर्नलगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने भैंस चोरी करने वाले कथित गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह भैंसें, 20 हजार रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह कर्नलगंज सहित आसपास के थाना क्षेत्रों में पशु चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।
नकहरा चौराहे के पास पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 की रात कर्नलगंज पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी करने वाले कुछ लोग चोरी के पशुओं को पिकअप में लादकर परसपुर की ओर से घाघरा घाट की तरफ जा रहे हैं। उनके साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार लोग भी पिकअप की रेकी कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नकहरा चौराहे के पास बंधे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर पिकअप चालक और कुछ अन्य लोग अंधेरे तथा झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि, पिकअप में सवार दो व्यक्तियों और दोनों मोटरसाइकिल चालकों को पुलिस ने पकड़ लिया।
पिकअप से चार और झाड़ियों से मिलीं दो भैंसें
पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी ली तो उसमें चार काली भैंसें बरामद हुईं। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर जरवल कस्बे के पास कटी नाला स्थित आम की बाग के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो अन्य भैंसें भी बरामद की गईं। इस तरह पुलिस ने कुल छह भैंसों को बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से पशुओं की बिक्री से प्राप्त 20 हजार रुपये नकद भी मिले। इसके अतिरिक्त चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई एक पिकअप और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
दिन में रेकी, रात में पशुओं की चोरी करने का आरोप

पर्याप्त संख्या में पशु एकत्र होने के बाद उन्हें पिकअप में लादकर दूर-दराज के पशु बाजारों में बेचने और प्राप्त रकम आपस में बांटने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य एक-दूसरे से फोन के जरिए संपर्क में रहते थे।
चार थाना क्षेत्रों की घटनाओं से जुड़े होने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कई पशु चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। इनमें 24 अक्टूबर 2026 की रात कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम घरकुइया से दो भैंस चोरी करने और 22 अक्टूबर की रात परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर से दो भैंस चोरी करने की घटना शामिल है।
इसके अलावा, 12 सितंबर 2026 की रात कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम रथवलिया से एक भैंस और एक पड़िया तथा 26 सितंबर की रात खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम असिधा से एक भैंस चोरी कर बेचने की बात भी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं और गिरोह के फरार सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
संयुक्त पुलिस टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और बरामद पशुओं से संबंधित मामलों की पड़ताल कर रही है।
रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)