गोंडा। जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम चकईपुरवा बनगाई में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां 21 वर्षीय विवाहिता मीना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दहेज मृत्यु सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बहराइच जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रमनगरा निवासी रामसजन पुत्र प्यारे ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री मीना देवी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोग लगातार प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर उसे परेशान किया जाता था। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को रस्सी से लटका दिया गया, जिससे फांसी लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 0280/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया है।
नामजद आरोपियों में जितेन्द्र पुत्र मुरलीधर, मुरलीधर, राजिन्दर, जितेन्द्र, धर्मेन्द्र, लल्ला, पुत्तन तथा एक अज्ञात नाम वाली चचेरी चाची शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम चकईपुरवा बनगाई, थाना कौड़िया, जनपद गोंडा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतका के शव का पंचायतनामा भरने सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी करनैलगंज द्वारा की जाएगी।
अब पुलिस विवेचना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।