गोंडा। जिले में शुक्रवार से शुरू होने वाले छठ पूजा महापर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गोंडा मुख्यालय सहित जिले के 51 अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालु धूमधाम से यह पर्व मनाएंगे। पर्व की तैयारियों की झलक गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे खैरा भवानी मंदिर स्थित पोखरे के घाट पर देखने को मिली। यहां महिलाओं और पुरुषों ने पूजा के लिए 150 से अधिक पिंड तैयार किए हैं।

रंग-बिरंगे तरीके से सजाए जा रहे पिंड

श्रद्धालु अपने-अपने पिंडों को रंग-बिरंगे तरीके से सजा रहे हैं। साथ ही कागज पर अपना नाम लिखकर गोंद की मदद से पिंडों पर चिपका रहे हैं, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति उनके पिंड पर खड़े होकर पूजा न कर सके। शुक्रवार शाम महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ इन्हीं पिंडों पर खड़े होकर छठ पूजा करेंगी।

घाटों पर सफाई, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम

खैरा भवानी मंदिर के पोखरे पर साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया गया है। घाटों की सफाई के साथ प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी घाटों पर पार्किंग, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 2500 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आपात स्थिति में त्वरित मदद के लिए घाटों पर गोताखोरों की टीमें और एसडीआरएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं।

छठ पर्व के दौरान यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट है। किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए नगर कोतवाल को रूट चार्ट तैयार करने और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

51 स्थानों पर होगा छठ पूजा का आयोजन: डीएम

गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि इस बार भी छठ पूजा का पर्व बिना किसी रुकावट के सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां की गई हैं। गोंडा मुख्यालय सहित जिले के 51 स्थानों पर धूमधाम से छठ पूजा मनाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों के साथ सफाईकर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि कहीं गंदगी न रहे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए सोशल मीडिया सेल को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।