गोंडा। जिले के परसपुर नगर पंचायत के मुख्य चौराहे पर मंगलवार रात करीब 8 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। बाइक के इंजन के पास से धुआं निकलने के बाद तेज लपटें उठने लगीं। खतरा भांपते हुए चालक ने तुरंत मोटरसाइकिल रोकी और उससे कूदकर अपनी जान बचाई।
देखते ही देखते आग ने पूरी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया और बाइक जलकर खाक हो गई। घटना का वीडियो बुधवार शाम करीब 5 बजे सामने आया, जिसमें सड़क पर मोटरसाइकिल धू-धूकर जलती दिखाई दे रही है।
इंजन के पास से उठीं आग की लपटें
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात एक स्थानीय व्यक्ति बाजार से खरीदारी कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। वह परसपुर के मुख्य चौराहे के पास पहुंचा ही था कि बाइक के निचले हिस्से यानी इंजन के पास से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में वहां से आग की लपटें उठने लगीं।

अचानक आग लगने से चालक घबरा गया। उसने तत्काल बाइक रोकी और कूदकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद आग ने पूरी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। व्यस्त चौराहे पर बाइक को जलता देख राहगीरों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। लोग सुरक्षित दूरी पर हट गए। आग बुझाने का इंतजाम होने तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला यातायात
घटना की सूचना मिलने पर परसपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात नियंत्रित कराया और जली हुई मोटरसाइकिल को सड़क किनारे करवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। पुलिस ने चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी भी ली।
पुलिस बोली- पहुंचने से पहले बुझ चुकी थी आग
परसपुर थाना अध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे बाइक में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी।