गोंडा। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के धनेश्वरपुर गांव में बुधवार देर रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। शादी समारोह में जा रहा डीजे सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में डीजे और रोड लाइट के काम में लगे छह लोग करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायलों का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस के जिला प्रभारी जितेंद्र पांडेय के निर्देश पर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया गया। घायलों की पहचान अफरोज (14), दीपक कुमार (15), रवि कुमार (15), कुलदीप (18), राजू (23) और अजीत (24) के रूप में हुई।

सीएचसी में प्राथमिक जांच के दौरान सभी की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 14 वर्षीय अफरोज की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।