गोण्डा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रमेश रंजन ने जिला पंचायत सभागार में विधानसभा मेहनौन एवं गोण्डा के सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के तहत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, महिलाओं एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र नामों को हटाने और मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी कराई जाए।
अंतिम समय में फार्म जमा होने की स्थिति न आए

डीएम ने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि अभियान में अभी से तेजी लाई जाए और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रपत्र प्राप्त किए जाएं, ताकि अंतिम समय में एक साथ बड़ी संख्या में फार्म जमा कराने की स्थिति न उत्पन्न हो।
उन्होंने रविवार को जनपद के प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सुपरवाइजरों को स्वयं निगरानी करने तथा बीएलओ की उपस्थिति और कार्यों का नियमित सत्यापन करने को कहा।
दावे और आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। निर्वाचन कार्यों में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय और सहयोग के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, जिससे मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।
गोण्डा को प्रदेश के टॉप-10 जिलों में लाने का लक्ष्य
डीएम रमेश रंजन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में पूरी गंभीरता से कार्य करते हुए जनपद गोण्डा को प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, सदर उप जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।