बांदा : जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मरका पुलिस ने जुआ खेलने वालों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कथित तौर पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 10 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कुल 10,125 रुपये नकद और 104 ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।

मऊ-अरमार और मऊ-इंगुवा मार्ग पर चल रहा था जुए का खेल

पुलिस के मुताबिक, बीती देर रात थाना मरका पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मऊ-अरमार रोड और मऊ-इंगुवा रोड के पास कुछ लोग जुए की फड़ लगाकर हार-जीत की बाजी खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दोनों स्थानों पर छापेमारी की और मौके से 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेवती रमन, राजू, रामू, राजकिशोर, संतोष, भज्जी, विकास, बाला प्रसाद, वेद और योगेन्द्र के रूप में हुई है। इनमें नौ आरोपी ग्राम मऊ और एक आरोपी ग्राम साड़ा, थाना मरका क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

नकदी और ताश के पत्ते बरामद, दो मुकदमे दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मालफड़ और जामा तलाशी के कुल 10,125 रुपये नकद तथा 104 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। मामले में थाना मरका पर मु0अ0सं0 176/2026 और 177/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुबेदार बिन्द, उपनिरीक्षक अनुराग सिंह और अजय कुमार पाण्डेय के साथ हेड कांस्टेबल दयाशंकर, शैलेन्द्र सिंह, रईस अहमद, कांस्टेबल विनोद, राहुल कुमार, महेन्द्र कुमार और महिला कांस्टेबल सोनी यादव शामिल रहीं।