बांदा। कानून की रक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी पर ही न्यायालय के आदेश से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे से बचने के लिए एक मुख्य आरक्षी ने कथित तौर पर न्यायालय का फर्जी दोषमुक्ति आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को सौंप दिया और लंबे समय तक अधिकारियों को गुमराह करता रहा। विभागीय जांच में आदेश कूटरचित पाए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अब करीब 20 साल पुराने मामले से जुड़े इस प्रकरण में बांदा की नरैनी पुलिस ने आरोपी मुख्य आरक्षी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है।

खुद को बरी दिखाने के लिए तैयार किया फर्जी आदेश

पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2005 में थाना नरैनी में तत्कालीन आरक्षी भाई लाल के खिलाफ मुकदमा संख्या 21/05 दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया था। आरोप है कि इस मुकदमे में खुद को दोषमुक्त साबित करने के उद्देश्य से भाई लाल ने न्यायालय का कूटरचित दोषमुक्ति आदेश तैयार किया और उसे पुलिस विभाग को उपलब्ध करा दिया।

विभागीय जांच में खुली फर्जीवाड़े की पोल

पुलिस विभाग ने जब प्रस्तुत किए गए न्यायालय के आदेश की जांच कराई तो वह कूटरचित पाया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में थाना नरैनी में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।

प्रयागराज के म्योर रोड से हुई गिरफ्तारी

लगातार तलाश के दौरान नरैनी पुलिस को आरोपी के प्रयागराज में होने की सूचना मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने प्रयागराज जनपद के म्योर रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भाई लाल पुत्र शिव निवासी राजपुर आमघाट, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्तमान में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है।

पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना नरैनी के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ओझा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक सौरव गौतम और कांस्टेबल अवधेश यादव शामिल रहे।