लखीमपुर खीरी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के दिशा-निर्देशन में गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य मेले में टीबी रोग की स्क्रीनिंग के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मेले में पहुंचे लोगों की जांच के लिए कुल 108 चेस्ट एक्स-रे किए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एक्स-रे जांच में टीबी के संदिग्ध पाए जाने वाले मरीजों के बलगम की जांच कराई जाएगी। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत लगातार हो रही स्क्रीनिंग
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में लगातार स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और पूरा उपचार ही टीबी को हराने का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना या भूख न लगना जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं। समय पर बीमारी की पहचान होने से उपचार आसान होता है और संक्रमण फैलने की आशंका भी कम की जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को किया जागरूक
स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव, जांच और निःशुल्क उपचार के बारे में जानकारी दी। शिविर में डॉ. नवीन गुप्ता, रंजीत कुमार (पीपीएम को-ऑर्डिनेटर), संजय राय (एसटीएलएस), नितीश श्रीवास्तव (एसटीएस), सचिन (डॉक्टर फॉर यू) और रजनी कुमारी (एचएलएफपीपीटी) सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
टीम ने लोगों से टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर जांच कराकर उपचार शुरू करने की अपील की।