बांदा। बुंदेलखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों की क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित बांदा प्रीमियर लीग जूनियर अंडर-14 सीजन-1 के ट्रायल में युवा खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल में कुल 220 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी शामिल रहे।

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी, विकेटकीपिंग और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा दिखाई। विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को प्रतिस्पर्धात्मक बना दिया। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के खेल कौशल, तकनीक, फिटनेस और प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया।

रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी ने किया प्रतिभा का मूल्यांकन

ट्रायल में चयनकर्ता के रूप में रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी मोहम्मद सैफ और क्रिकेट कोच सलमान हाशमी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों ने खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल क्षमता के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता का आयोजन सलमान हाशमी, विप्रांश यादव और शुभम सिंह गहलोत द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों का उद्देश्य बुंदेलखंड समेत देश के विभिन्न क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां से युवा खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

युवा खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव

आयोजकों ने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं खेल कौशल निखारने, अनुशासन विकसित करने और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। ट्रायल में 220 खिलाड़ियों की उत्साहजनक भागीदारी से आयोजन मंडल भी उत्साहित नजर आया।

इस अवसर पर चंद्रमौली भारद्वाज, सुनील सक्सेना, अबरार फारूकी, राजोल मिश्रा, भुवनेन्द्र रावत, नरेंद्र सिंह, कमल यादव, जीतू यादव, संदीप तिवारी, प्रदीप गुप्ता, राम मिलन गुप्ता, मोहम्मद अहमद, शिवम सिंह, रवि यादव, कौशिक यादव, डॉ. शरीफ, अजय यादव, धनंजय करवरिया और मनोज मिश्रा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

आयोजन मंडल ने ट्रायल में शामिल सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बांदा प्रीमियर लीग जूनियर अंडर-14 सीजन-1 को बुंदेलखंड की क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और बड़े मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।