गोंडा : मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गोंडा के विद्यार्थियों ने AKTU जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक जीतकर संस्थान और जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 4 स्वर्ण, 6 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल किए। यह प्रतियोगिता डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU), लखनऊ की ओर से आईटीएम, गोरखपुर में आयोजित की गई थी।

बालिका बास्केटबॉल और वॉलीबॉल टीम ने जीते स्वर्ण पदक

बालिका बास्केटबॉल टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज को गौरवान्वित किया। टीम में सौम्या यादव, मुस्कान गुप्ता, तमन्ना चौहान, दीपाली गुप्ता, तेजल लाल सिंह, रश्मि यादव, रत्ना प्रिया, जागृति यादव और सृष्टि शामिल रहीं। ये सभी सीएसई की छात्राएं हैं। सौम्या, मुस्कान, तमन्ना और दीपाली चतुर्थ वर्ष, तेजल तृतीय वर्ष तथा अन्य छात्राएं द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत हैं।

बालिका वॉलीबॉल टीम ने भी शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम में सृष्टि सिंह, वैष्णवी पांडेय, रिया पाठक, अर्चिता मिश्रा, मुस्कान मिश्रा, नंदनी कुशवाहा, अश्मिता पांडेय, आकांक्षा कमल, संजना और सोनाली सिंह शामिल रहीं।

टेबल टेनिस और 100 मीटर दौड़ में भी मिला स्वर्ण

बालक टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अभय अग्रवाल (सीई, चतुर्थ वर्ष), विनय चंद्र नायक (सीएसई, तृतीय वर्ष), प्रिंस कुमार राय (सीएसई, तृतीय वर्ष) और चंदन बाबू शर्मा (सीई, द्वितीय वर्ष) ने स्वर्ण पदक जीता।

वहीं, 100 मीटर दौड़ में मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एमई) के चतुर्थ वर्ष के छात्र अर्पित वाष्र्णेय ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

इन खिलाड़ियों ने जीते रजत पदक

रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में शतरंज प्रतियोगिता की पल्लवी गुप्ता (सीएसई, चतुर्थ वर्ष) शामिल रहीं। बालिका 400 मीटर रिले में आयुषी शर्मा, सृष्टि सिंह और दीपाली गुप्ता (तीनों सीएसई, चतुर्थ वर्ष) तथा अश्मेता पांडेय (सीएसई, तृतीय वर्ष) ने रजत पदक अपने नाम किया।

अर्पित वाष्र्णेय ने 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता में पलक सिंह (सीएसई, चतुर्थ वर्ष), सविता कुमारी, अमृता सोनकर और आस्था शर्मा (तीनों सीएसई, तृतीय वर्ष) ने रजत पदक हासिल किया।

इसके अलावा बालक चक्का फेंक में विकास कुमार यादव (सीएसई, तृतीय वर्ष) और बालिका चक्का फेंक में मुस्कान मिश्रा (सीएसई, चतुर्थ वर्ष) ने रजत पदक जीतकर कॉलेज की उपलब्धियों में इजाफा किया।

ऊंची कूद और 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक

कांस्य पदक ऊंची कूद प्रतियोगिता में सीएसई के चतुर्थ वर्ष के छात्र सर्वेश यादव ने जीता। वहीं, बालिका 400 मीटर दौड़ में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (ईई) की तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीति यादव ने कांस्य पदक हासिल किया।

निदेशक ने खिलाड़ियों को दी बधाई

संस्थान के निदेशक प्रो. भारतेन्दु नाथ मिश्र ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

विद्यार्थियों की इस सफलता से कॉलेज में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से संस्थान के साथ गोंडा जिले का गौरव बढ़ाया है।