कानपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने कानपुर में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी की है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आज रविवार, 29 नवंबर को बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

यह जनसभा बैरी शिवराजपुर स्थित रामसहाय इंटर कॉलेज के मैदान में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। इसमें बिल्हौर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।

14 साल बाद उसी मैदान में बसपा की बड़ी सभा

इस जनसभा का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि फरवरी 2012 में इसी मैदान पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने जनसभा की थी। उस दौरान उन्होंने बिल्हौर विधानसभा सीट से कमलेश दिवाकर को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया था। अब करीब 14 साल बाद इसी मैदान में आकाश आनंद की सभा होने जा रही है।

2027 के प्रत्याशी के नाम पर सस्पेंस

जनसभा को लेकर सबसे बड़ी चर्चा बिल्हौर विधानसभा सीट के संभावित प्रत्याशी को लेकर है। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि आकाश आनंद 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बिल्हौर में बसपा का पुराना राजनीतिक आधार

बिल्हौर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। बसपा ने इस सीट पर 1996 और 2007 में जीत दर्ज की थी। वर्तमान में यहां भाजपा के राहुल बच्चा सोनकर विधायक हैं। ऐसे में बसपा की यह जनसभा पुराने राजनीतिक आधार को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान के लिए सक्रिय करने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।

अब सभी की निगाहें आकाश आनंद के संबोधन और उनके राजनीतिक संदेश पर टिकी हैं।