लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सियासत तेज होती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की है।
28 नवंबर को बलरामपुर के तुलसीपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस विधेयक से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार हो सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के इस प्रस्ताव का समर्थन भी किया।
दरअसल, संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है। इसी दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े मुद्दे राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रहने वाले हैं।
इस मुद्दे पर विपक्ष की राय अलग है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव परिसीमन विधेयक का विरोध जता चुके हैं। ऐसे में महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की राजनीति में अहम बहस बनता जा रहा है।
अब नजर इस बात पर रहेगी कि संसद के विशेष सत्र में विभिन्न राजनीतिक दल इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाते हैं।