हरदोई। मूर्ति स्थापना के चंदे को लेकर हुए विवाद में जयपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हरपालपुर थाना क्षेत्र के करणपुर मतनी गांव में शनिवार, 28 नवंबर को हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी छत्रपाल को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, मूर्ति स्थापना के लिए चंदा मांगने को लेकर गांव में विवाद हुआ था। इसी दौरान छत्रपाल ने जयपाल और रतिराम पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में जयपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रतिराम गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल रतिराम को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि जयपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस घटना ने गांव में सनसनी फैला दी है।