आर्यनगर (गोण्डा)। ब्लॉक रुपईडीह की ग्राम पंचायत भवानीपुर उपाध्याय में सरकारी हैंडपंपों की मरम्मत और रखरखाव के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी अभिलेखों में हैंडपंपों की मरम्मत के नाम पर धनराशि खर्च दिखाई गई, लेकिन गांव में कई हैंडपंप अब भी खराब पड़े हैं और पेयजल की समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीण पवन कुमार, नंदकिशोर, अमित सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के कई सरकारी हैंडपंपों से पानी नहीं निकल रहा है, जबकि कुछ हैंडपंपों से पीले रंग का पानी आ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है और दूषित पानी पीने की मजबूरी बनी हुई है।

मरम्मत के नाम पर खर्च, धरातल पर नहीं दिख रहा काम

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से हैंडपंपों की मरम्मत और रखरखाव कराया जाना चाहिए, लेकिन गांव में कई हैंडपंप खराब हालत में हैं। उनका आरोप है कि कागजों में मरम्मत का कार्य दर्शाए जाने के बावजूद वास्तविक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने इस मामले में ग्राम प्रधान और संबंधित कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

जल जीवन मिशन का लाभ भी नहीं मिलने का आरोप

ग्रामीणों के मुताबिक सरकार की ओर से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकियों और पाइपलाइन निर्माण की योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन ग्राम पंचायत में इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं खराब हैंडपंपों और दूषित पानी की समस्या के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दूषित पानी के सेवन से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सरकारी धनराशि के खर्च का सत्यापन करने और खराब हैंडपंपों को तत्काल दुरुस्त कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।

जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

इस संबंध में ब्लॉक रुपईडीह के पंचायत सहायक अधिकारी गिरीजेश पटेल ने बताया कि मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।