गोण्डा। ब्लॉक रुपईडीह की ग्राम पंचायत भूड़कूड़ा में शनिवार देर रात भीषण अग्निकांड हो गया। अशर्फी लाल के घर के बगल जानवरों को रखने के लिए बनाए गए छप्पर में अचानक आग लग गई। हादसे में छप्पर के अंदर बंधे करीब 10 मवेशियों की जलकर मौत हो गई, जबकि पूरा छप्पर आग की भेंट चढ़ गया। घटना में लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।

पीड़ित अशर्फी लाल के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे अज्ञात कारणों से छप्पर में आग लग गई। छप्पर के बगल से विद्युत विभाग की एलटी लाइन गुजर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि विद्युत तारों में स्पार्किंग के कारण आग लगी होगी।

देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप

छप्पर से आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग तेजी से फैलने के कारण देखते ही देखते पूरा छप्पर उसकी चपेट में आ गया। छप्पर में बंधे करीब 10 मवेशियों को बचाया नहीं जा सका और उनकी जलकर मौत हो गई।
डायल 112 पर दी सूचना, मुआवजे की मांग
पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को दी गई थी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर अग्निकांड से अवगत कराया गया है।
इस घटना से पशुपालक परिवार के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कराने और छप्पर के पास से गुजर रही विद्युत लाइन की स्थिति की पड़ताल किए जाने की आवश्यकता है।