गोरखपुर। निवेश के विस्तार और औद्योगिक विकास को नई उड़ान देने के उद्देश्य से गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ₹502 करोड़ से अधिक लागत की 104 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर गोरखपुर ट्रेड शो एवं ओडीओसी फेस्ट का उद्घाटन किया गया। साथ ही चकभोप आवासीय योजना और गीडा की नई वेबसाइट का शुभारंभ भी हुआ।
आवासीय और औद्योगिक भूखंडों के लाभार्थियों को आवंटन पत्र

कार्यक्रम के दौरान आवासीय श्रेणी (EWS-LIG) एवं औद्योगिक भूखंडों के लाभार्थियों को आवंटन-पत्र वितरित किए गए। वहीं NIELIT स्किल डेवलपमेंट सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इन पहलों का उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने, औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने और आवासीय सुविधाओं के विस्तार को गति देना है।

₹17,650 करोड़ से अधिक के निवेश एमओयू
गोरखपुर क्षेत्र में औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से ₹17,650 करोड़ से अधिक के निवेश एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ। इन प्रस्तावित निवेशों से क्षेत्र में उद्योगों के विस्तार, आर्थिक गतिविधियों में तेजी और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को गोरखपुर के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विकास परियोजनाओं, निवेश समझौतों, कौशल प्रशिक्षण और नई योजनाओं के माध्यम से गोरखपुर को औद्योगिक निवेश एवं रोजगार के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।