गोंडा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल, गोंडा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों से पंजीकृत कुल 200 जोड़ों में से 155 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इनमें 140 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया, जबकि 15 जोड़ों का इस्लामिक पद्धति से मौलवी साहिबे आलम ने निकाह संपन्न कराया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

सामूहिक विवाह समारोह में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, गोंडा सांसद एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि यूपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पांडेय और जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वंदना पांडेय सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विवाह मंडप में बैठे नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में मदद कर रही सरकार

कार्यक्रम के दौरान सरकार की ओर से संचालित योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि किसी भी गरीब परिवार की बेटी का विवाह आर्थिक कठिनाइयों के कारण नहीं रुकना चाहिए। योजना के तहत जाति और धर्म से परे पात्र लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में प्रति जोड़े के लिए कुल 64,000 रुपये की सहायता का प्रावधान बताया गया। इसमें कन्या के खाते में धनराशि देने के साथ गृहस्थी की आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।

नवविवाहित जोड़ों को दी जाती है गृहस्थी की सामग्री

योजना के अंतर्गत नवदंपतियों को नई गृहस्थी शुरू करने में मदद के लिए स्टील का डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, कन्या के लिए पांच साड़ियों का सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी और सौंदर्य प्रसाधन किट जैसी सामग्री दी जाती है।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहायता देना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। गोंडा में आयोजित इस कार्यक्रम में 155 जोड़ों का विवाह संपन्न होने से कई परिवारों को राहत मिली।

रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)