लखनऊ। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनावों में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत के बाद पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में विश्व यादव परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश यादव ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए चुनाव में मेहनत करने वाले सभी कार्यकर्ताओं और साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने राजनीतिक संदेश देते हुए कहा, “24 में अयोध्या जीते, 26 में काशी, 27 में यूपी जीतेंगे, अब यही है बाकी।”
अवधेश यादव ने कहा कि चुनाव में मिली सफलता कार्यकर्ताओं के संघर्ष, मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने जीत के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले सभी साथियों को धन्यवाद दिया और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
सपा के पांच विजयी प्रत्याशियों को दी बधाई
अवधेश यादव ने स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनावों में समाजवादी पार्टी के विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। बधाई सूची में शामिल प्रत्याशी हैं—
- श्रीमती कान्ति सिंह — लखनऊ खंड स्नातक
- श्री लाल बिहारी यादव — वाराणसी खंड शिक्षक
- डॉ. आकाश अग्रवाल — आगरा खंड शिक्षक
- श्री आशुतोष सिन्हा — वाराणसी खंड स्नातक
- डॉ. मान सिंह यादव — झांसी-प्रयागराज खंड स्नातक
उन्होंने उम्मीद जताई कि विजयी प्रतिनिधि अपने निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और शिक्षा, युवाओं तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
चंद्र प्रकाश यादव की भूमिका की जमकर सराहना

इस मौके पर विश्व यादव परिषद के राष्ट्रीय महासचिव एवं समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश यादव की भूमिका की भी विशेष रूप से सराहना की गई। समाजवादी पार्टी ने उन्हें वाराणसी मंडल का चुनाव प्रभारी बनाया था।
अवधेश यादव ने चुनाव में चंद्र प्रकाश यादव के प्रयासों, संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय की प्रशंसा की। उनके मुताबिक, चुनावी अभियान में जिम्मेदारी निभाने वाले नेताओं और जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले साथियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
कार्यकर्ताओं के संघर्ष को दिया जीत का श्रेय
अवधेश यादव ने कहा कि किसी भी चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत बेहद अहम होती है। उन्होंने उन सभी नेताओं, पदाधिकारियों और साथियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया और मतदाताओं तक पार्टी का संदेश पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि चुनावी जीत से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है। उनका राजनीतिक नारा “24 में अयोध्या, 26 में काशी और 27 में यूपी” आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी समर्थकों की उम्मीदों और लक्ष्य को दर्शाता है।