बहराइच। जिले में इन दिनों 65 वर्षीय रफीक उर्फ ‘टावर वाले बाबा जी’ की शादी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि दूल्हे के दोनों बेटे भी पूरे उत्साह के साथ बारात में शामिल हुए। पिता की शादी को यादगार बनाने के लिए दोनों बेटों ने ढोल-भांगड़े की धुन पर जमकर डांस किया और नाचते-गाते बारात लेकर सक दहीर पहुंचे।
पिता की बारात में बेटों ने जमाया रंग
आमतौर पर शादी में पिता अपने बेटों की बारात लेकर जाते हैं, लेकिन रफीक उर्फ टावर वाले बाबा जी की शादी में नजारा कुछ अलग ही देखने को मिला। यहां दोनों बेटे अपने पिता की बारात में शामिल होकर खुशी से झूमते नजर आए। ढोल-नगाड़ों और भांगड़े की धुन पर उनके डांस ने लोगों का ध्यान खींच लिया।
मोबाइल कैमरों में कैद हुआ अनोखा नजारा
65 वर्षीय बुजुर्ग दूल्हे को बारात के साथ जाते देखकर आसपास के लोगों की निगाहें इस आयोजन पर टिक गईं। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से बारात के वीडियो बनाए। इसके बाद शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे और लोग इस अनोखी शादी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे।
सोशल मीडिया पर उठ रहे कई सवाल
अब लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि आखिर 65 वर्ष की उम्र में रफीक उर्फ टावर वाले बाबा जी ने शादी करने का फैसला क्यों लिया? हालांकि, शादी के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल उनकी शादी इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बनी हुई है।
आपकी क्या राय है? क्या शादी करने की कोई उम्र तय होनी चाहिए या फिर हर इंसान को अपनी खुशी के लिए जीवन में नया अध्याय शुरू करने का अधिकार है? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं।
रिपोर्ट: शुभम वर्मा