गोण्डा। ब्लॉक रूपईडीह की ग्राम पंचायत भुलईडीह में आयोजित आदर्श रामलीला के चौथे दिन भगवान श्रीराम के विवाह प्रसंग का संजीव और मनमोहक मंचन किया गया। राम विवाह की सुंदर झांकियों और कलाकारों के शानदार अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धार्मिक प्रसंग का आनंद लिया।

राम विवाह प्रसंग ने दर्शकों को किया भावविभोर

आदर्श रामलीला कमेटी भुलईडीह के प्रबंधक एवं ग्राम प्रधान बृजेंद्र कुमार शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित रामलीला में कलाकारों ने राम विवाह प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। राम, लक्ष्मण, विश्वामित्र और राजा दशरथ सहित विभिन्न पात्रों की भूमिका निभा रहे कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

मंचन के दौरान प्रस्तुत की गई आकर्षक झांकियों ने पूरे रामलीला परिसर को भक्तिमय बना दिया। भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह से जुड़े दृश्यों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

कलाकारों के अभिनय ने बटोरी प्रशंसा

रामलीला के प्रमुख पात्रों में भगवान श्रीराम की भूमिका पंकज तिवारी, लक्ष्मण की भूमिका राजेश तिवारी, राजा दशरथ की भूमिका मोहन वर्मा, विश्वामित्र की भूमिका हवलदार शुक्ला, रावण की भूमिका दिनेश कुमार शुक्ला तथा कैकेयी की भूमिका छैय्लू ने निभाई।

इसके अलावा वशिष्ठ मुनि और अंगद की भूमिका निभाने वाले कलाकारों ने भी अपने अभिनय से मंचन को प्रभावशाली बनाया।

देर रात तक जुटे रहे श्रद्धालु

रामलीला मैदान में शाम से ही दर्शकों की भीड़ जुटने लगी थी। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने देर रात तक बैठकर राम विवाह के मंचन का आनंद लिया। आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

रामलीला के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)