बहराइच। जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने गुरुवार को जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुरुष-महिला बैरक से पाकशाला तक किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुरुष बैरक, महिला बैरक, बंदी पाकशाला, क्रीड़ास्थल तथा अस्पताल वार्ड का जायजा लिया। इस दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, भोजन की व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता की स्थिति का विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया।

अधिकारियों ने कारागार परिसर की व्यवस्थाओं को देखा और जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों को नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान रखा जाए।

संवेदनशील बंदियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि कारागार का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। शातिर और संवेदनशील बंदियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि जेल की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

इसके अलावा बंदियों की गतिविधियों से संबंधित अद्यतन जानकारी समय-समय पर उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने और जेल मैनुअल का पालन करने पर जोर

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी सीसीटीवी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेल मैनुअल के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन कराया जाए और सुरक्षा संबंधी किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों के इस निरीक्षण को जिला कारागार की सुरक्षा, अनुशासन और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

रिपोर्ट: शुभम वर्मा