गोंडा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शुक्रवार को भी जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा में शामिल होने के लिए आसपास के जिलों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गोंडा पहुंचे हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थियों की कतारें देखने को मिलीं। हालांकि खराब मौसम के कारण प्रथम पाली में अभ्यर्थियों की संख्या अपेक्षाकृत कम नजर आई।
कई जिलों से परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी
पीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए आजमगढ़, गोरखपुर और वाराणसी से पुरुष अभ्यर्थी गोंडा पहुंचे हैं, जबकि बलरामपुर और बहराइच से भी बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी परीक्षा देने आई हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ और लंबी कतारें देखने को मिलीं। अपने निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश पाने के लिए परीक्षार्थी कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
AI तकनीक से बायोमेट्रिक सत्यापन, तीन स्तरों पर जांच

परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थियों का एक-एक कर AI तकनीक की सहायता से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद त्रिस्तरीय सघन जांच की प्रक्रिया पूरी होने पर ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जा रहा है।
जांच के दौरान अभ्यर्थियों को गले में पहनी माला और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं हटाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं, महिला अभ्यर्थी भी कानों में पहनी बालियां निकालकर जांच प्रक्रिया पूरी कर रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारी प्रत्येक अभ्यर्थी की जांच के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित कर रहे हैं।
18 सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती

प्रथम पाली की परीक्षा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई है। जिले में 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 18 केंद्र व्यवस्थापक और 18 बाह्य व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
कोषागार से कड़ी सुरक्षा में पहुंचे प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं
परीक्षा सामग्री की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मजिस्ट्रेट जिला कोषागार से प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों तक लेकर पहुंचे। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुबह 10 बजे परीक्षार्थियों की मौजूदगी में प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट खोले जाने और उनका वितरण किए जाने की व्यवस्था की गई है।
फिलहाल जिले के सभी 16 परीक्षा केंद्रों पर पीईटी परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला मुस्तैद है।
रिपोर्टः आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)