गोण्डा। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा की ओर से 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक गोण्डा के जानकीनगर स्थित सुवास्तु लॉन में दो दिवसीय पार्टी क्लास का आयोजन किया जाएगा। इसमें मध्य क्षेत्र के विभिन्न जनपदों के कार्यकारिणी सदस्य शामिल होंगे। कार्यक्रम में माकपा की पूर्व सांसद एवं पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड सुभाषिनी अली प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगी।

कई वरिष्ठ नेता करेंगे शिरकत

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी की केंद्रीय कमेटी के सदस्य डॉ. हीरालाल यादव, माकपा के राज्य सचिव कॉमरेड रविशंकर मिश्रा और राज्य सचिव मंडल के सदस्य कॉमरेड डीपी सिंह भी भाग लेंगे। पार्टी क्लास के दौरान विभिन्न जिलों से आए कार्यकारिणी सदस्य संगठनात्मक मजबूती, राजनीतिक परिस्थितियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

देवीपाटन मंडल में वामपंथी लोकतांत्रिक विकल्प तैयार करने पर चर्चा

माकपा के जिला सचिव कॉमरेड कौशलेंद्र पांडेय ने बताया कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी क्लास में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही देवीपाटन मंडल में वामपंथी लोकतांत्रिक विकल्प तैयार करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

किसानों-मजदूरों समेत विभिन्न वर्गों की समस्याओं पर बनेगी रणनीति

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा होगी। इन वर्गों के शोषण और जनसमस्याओं के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करने के साथ ही आम जनता के मुद्दों पर संघर्ष की दिशा निर्धारित करना है।

कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता

दो दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वामीनाथ वर्मा, केपी पांडेय, अमित शुक्ला, आशीष सिंह, रॉबी गांगुली, अमृतलाल, मोहर्रम अली, योगेंद्र वर्मा, रविंद्र सिंह, विनीत तिवारी, संतोष शुक्ला, अहमद अली और डॉ. सुकुरुल्ला सहित अन्य कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस संबंध में माकपा की गोण्डा-बलरामपुर जिला कमेटी के सचिव कॉमरेड कौशलेंद्र पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी।

रिपोर्टः आशीष कुमार (ब्लॉक संवाददाता, हलधरमऊ)