रूपईडीह, गोण्डा। बहू और बेटे को अस्पताल में भोजन व कपड़े पहुंचाने जा रहे 65 वर्षीय सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कौड़िया थाना क्षेत्र के गोंडा-बहराइच मार्ग पर हिसाब तिवारी पुरवा के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज गोण्डा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पोती के जन्म के बाद अस्पताल में भर्ती थे बहू और बेटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौड़िया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरखापुर उमरा निवासी सुरेंद्र कुमार मिश्रा उर्फ सल्लू (65) स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त थे। उनके छोटे पुत्र सुशांत मिश्रा के घर पुत्री का जन्म हुआ था। इस दौरान बहू और बेटा अस्पताल में भर्ती थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम सुरेंद्र कुमार मिश्रा अपने बेटे और बहू के लिए भोजन तथा कपड़े लेकर गोण्डा जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा-बहराइच मार्ग पर हिसाब तिवारी पुरवा के पास गोण्डा की ओर से आ रहे एक ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को 108 एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज गोण्डा पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों से सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया
सुरेंद्र कुमार मिश्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो पुत्र शुभम मिश्रा और सुशांत मिश्रा हैं। दोनों विवाहित हैं। जिस घर में पोती के जन्म की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम छा गया।
तहरीर मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
इस संबंध में कौड़िया थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कराया है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)