गोंडा। कोतवाली नगर क्षेत्र में मोबाइल दुकान से लैपटॉप और दो मोबाइल फोन चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे पोर्टरगंज, पोस्ट पथवलिया निवासी विनोद कुमार यादव की मोबाइल दुकान में चोरी हुई थी। चोर दुकान का शटर खोलकर काउंटर में रखा एक पुराना एचपी लैपटॉप और मरम्मत के लिए आए दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे।
विनोद कुमार यादव ने चोरी हुए सामान की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के बारे में पूछताछ करने पर विपक्षी के भाई ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उनकी शिकायत पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने कुड़वा सम्मय माता मंदिर से बादशाहबाग चौराहे की ओर जाने वाली सड़क के पास से विजय प्रकाश पाण्डेय उर्फ अमूल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का एचपी लैपटॉप और दोनों मोबाइल फोन बरामद किए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
रिपोर्ट: आदर्श पांडेय (ब्लॉक संवाददाता, झंझरी)