लखीमपुर खीरी। थाना हैदराबाद में तैनात महिला आरक्षी रचना ने अपनी मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उपनिरीक्षक पद की परीक्षा उत्तीर्ण कर पुलिस विभाग में नई उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता पर थाना हैदराबाद परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

महिला आरक्षी रचना वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला आरक्षी के पद पर भर्ती हुई थीं। ड्यूटी के प्रति समर्पित रहते हुए उन्होंने अपनी पढ़ाई और तैयारी जारी रखी तथा उपनिरीक्षक पद की परीक्षा में सफलता प्राप्त की।

इस अवसर पर थाना हैदराबाद के प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक सहित उपनिरीक्षक बीडी मिश्रा, आरक्षी धर्मेंद्र कुमार सिंह, उदयवीर यादव, हेमंत कटियार समेत थाने के समस्त पुलिस स्टाफ ने रचना को फूल-माला पहनाकर एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया। सभी ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

थाना प्रभारी महेश पाठक ने कहा कि रचना की सफलता अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।