रुपईडीह, गोण्डा। विकासखंड रुपईडीह की ग्राम पंचायत पिरवर तारा में जनसहयोग से बनाया गया पंचायत भवन देखरेख के अभाव और दैवीय आपदा के कारण जर्जर हो चुका है। हाल ही में आई आंधी-बारिश के दौरान भवन के ऊपर एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिससे भवन को काफी नुकसान पहुंचा है। पेड़ गिरने से भवन की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई है। ऐसे में भवन के कभी भी धराशायी होने की आशंका बनी हुई है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय तिवारी ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले ग्रामीणों के सहयोग और चंदा जुटाकर इस पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने और भवन पुराना होने के कारण इसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी। हाल ही में आई दैवीय आपदा के दौरान भवन के ऊपर पेड़ गिरने से पूरी छत जर्जर हो गई। इससे भवन का उपयोग करना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने बताया कि पंचायत भवन जर्जर होने से ग्राम पंचायत के जरूरी कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधान प्रतिनिधि ने इस समस्या को लेकर खंड विकास अधिकारी से शिकायत करते हुए पंचायत भवन का नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस संबंध में ग्राम पंचायत के सचिव गिरिजेश पटेल ने बताया कि पंचायत भवन की स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।