झांसी। आगामी त्योहार धनतेरस एवं दीपावली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद झांसी में समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी तथा पुलिस अधीक्षक जालौन एवं ललितपुर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की तैयारियों के साथ जोन की प्राथमिकताओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए।

अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर जोर

समीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही आगामी चुनाव की तैयारियों, जनसुनवाई और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।

लंबित विवेचनाओं और अपराधियों की गिरफ्तारी की समीक्षा

एडीजी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने, सोशल मीडिया की सतत निगरानी रखने और ऑपरेशन कन्विक्शन को प्रभावी ढंग से लागू करने की समीक्षा की। साथ ही वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही कार्रवाई की भी जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सुनियोजित एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई की जाए। त्योहारों के दौरान पुलिस प्रबंधन प्रभावी रखा जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना रहे।

एडीजी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें।