गोण्डा। धानेपुर क्षेत्र के रुद्रगढ़ नौसी गांव स्थित गौ आश्रय केंद्र में मृत गोवंश की खाल उतारे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है। वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को करणी सेना के जिला अध्यक्ष आर्यन पांडे के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा गुड्डू मल चौराहे से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची।
इस दौरान आर्यन पांडे ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से रुद्रगढ़ नौसी ग्राम पंचायत के गौ आश्रय केंद्र में मृत गाय की खाल उतारे जाने की जानकारी सामने आई है। इस घटना को लेकर हिंदू समाज, गौ भक्तों और स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है।
उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और गौ आश्रय केंद्र के संचालक, केयरटेकर तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पदयात्रा में अयोध्या से आए साधु-संतों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पदयात्रा के समापन पर प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
आर्यन पांडे ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं हुई तो 14 दिसंबर को बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर गोंडा को दिल्ली के जंतर-मंतर जैसा आंदोलन स्थल बना दिया जाएगा।
फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।