बाराबंकी। तहसील रामनगर के सुप्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेवा धाम में आगामी 6 से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाले महादेवा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण तैयार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को महादेवा धाम में अमरनाथ गुफा की स्थापना के लिए विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं कलश स्थापना कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर अमरनाथ गुफा की स्थापना के लिए भूमि पूजन किया। इस दौरान धार्मिक परंपराओं के अनुसार कलश स्थापित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अमरनाथ गुफा की स्थापना महादेवा महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को महादेवा धाम में ही बाबा बर्फानी की गुफा के दर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा।

इस अवसर पर बाबा बर्फानी सेवा समिति लोधेश्वर महादेवा के अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख बृजपाल सिंह उर्फ ज्ञानू सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि महादेवा महोत्सव में श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था से जोड़ने और बाबा बर्फानी के दर्शन का अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अमरनाथ गुफा स्थापित की जा रही है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अजय कुमार तिवारी, दुर्गेश मिश्रा, विनय यादव, अमरेश यादव, अमित सिंह, अरुण कुमार सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भूमि पूजन एवं कलश स्थापना के साथ ही अमरनाथ गुफा निर्माण की तैयारियों को गति मिल गई है। महादेवा महोत्सव में इस विशेष धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।