गोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्र में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर खेत में काम कर रहे पिता और पुत्र के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और सरिया से हमला करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय रवाना किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को लल्ला यादव पुत्र शिव बहादुर यादव, निवासी ग्राम शुकई नायब पुरवा, बहुवन मदार माझा, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा ने थाने में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर विपक्षी लोगों ने उनके पिता शिव बहादुर यादव और भाई मंशाराम के साथ खेत में काम करते समय गाली-गलौज की तथा लाठी-डंडे और सरिया से मारपीट की।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना परसपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना पर बेनीसिंह पुरवा रोड के पास गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, रविवार 29 नवंबर को थाना परसपुर की टीम मुकदमे से संबंधित नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर खास से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बेनीसिंह पुरवा रोड के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश उर्फ रामनरेश यादव पुत्र कन्धई उर्फ कन्हैयालाल और सुखदेव पुत्र राजेन्द्र उर्फ इन्दर, निवासी ग्राम रामबली कम्हरियापुर, बहुवन मदार माझा, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई है।
हमले में इस्तेमाल सामान फेंकने की बात बताई
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि गिरफ्तारी के डर से भागते समय घटना में इस्तेमाल लाठी, डंडा और सरिया अंधेरे में किसी नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।