गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के परेड सरकार ग्राम पंचायत के निकट मोकलपुर रोड पर सम्मय माता मंदिर के पास रविवार देर शाम करीब छह बजे दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिया पर खड़े होकर फोटो खींचने के दौरान तीन छात्र ऊपर से गुजर रही 1.32 लाख वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में कक्षा नौ के 15 वर्षीय छात्र सूर्य प्रकाश गौतम की मौत हो गई, जबकि प्रशांत सरोज और अक्षय गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल तीनों को लेकर गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां सूर्य प्रकाश को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे प्रशांत और अक्षय को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया। हालांकि, परिजन उन्हें लखनऊ ले जाने के बजाय गोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार करा रहे हैं।

किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करते थे छात्र

बताया जा रहा है कि मृतक सूर्य प्रकाश गौतम अपने साथी प्रशांत सरोज और अक्षय के साथ किराए का कमरा लेकर रहता था। वह जिला मुख्यालय स्थित सेंट जेवियर स्कूल में पढ़ाई करता था। सूर्य प्रकाश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन सविता है, जिसकी उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है।

वहीं, घायल प्रशांत सरोज तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा है। वह भी गोंडा में रहकर पढ़ाई करता था। तीसरा घायल छात्र अक्षय अपने परिवार का इकलौता बेटा है और उसकी दो बहनें हैं। हादसे की खबर मिलने के बाद तीनों छात्रों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

फोटो खींचने के दौरान हुआ हादसा

नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि सूर्य प्रकाश गौतम अपने दोस्त प्रशांत सरोज और अक्षय के साथ पुलिया पर खड़ा होकर फोटो खींच रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 1.32 लाख वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि हाईटेंशन लाइन से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दे दी गई है। नगर कोतवाली पुलिस भी पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक छात्र की मौत और दो अन्य के गंभीर रूप से झुलसने की घटना ने परिवारों को झकझोर कर रख दिया है।