गोण्डा। पुलिस उपाधीक्षक आनंद कुमार राय एवं राजेश कुमार सिंह के जनपद गोण्डा से स्थानांतरण के अवसर पर रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और विभाग के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए नवीन तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह के दौरान दोनों अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके सौहार्दपूर्ण व्यवहार, कार्यशैली और पुलिस विभाग के प्रति समर्पण की सराहना की। साथ ही उनके स्वस्थ, सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि दोनों अधिकारियों के साथ कार्य करने के दौरान उन्हें कई अच्छे अनुभव प्राप्त हुए। उनके व्यवहार और कार्य करने के तरीके ने विभागीय समन्वय एवं आपसी सहयोग को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर स्थानांतरित अधिकारियों ने भी गोण्डा जनपद में अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और अनुभवों के लिए सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नवीन कार्यक्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों के बेहतर निर्वहन का संकल्प व्यक्त किया।
विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी नितेश, समस्त क्षेत्राधिकारीगण तथा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।