गोण्डा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के राजगढ़ अमीनपुर गांव निवासी एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। रविवार सुबह कोडरी गांव के पास टेढ़ी नदी में युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। घटनास्थल के पास नदी से युवक की साइकिल भी बरामद हुई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान राजबाबू उर्फ मंटू निवासी राजगढ़ अमीनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजबाबू शनिवार को घर से बाजार जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार सुबह कोडरी गांव के पास टेढ़ी नदी में उनका शव उतराता मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

खेती और मजदूरी कर चलाते थे परिवार

राजबाबू खेती और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी डेजी पांडेय, दो बेटियां गौरी और गौरवी तथा तीन बेटे नैतिक, कार्तिक और सैनिक हैं। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पत्नी डेजी पांडेय समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद राजगढ़ अमीनपुर गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

इस मामले में कटरा बाजार के प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि नदी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।