लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बदमाशों ने लिफ्ट लेने के बहाने एक ठेकेदार को निशाना बनाकर 1.45 लाख रुपये लूट लिए। घटना काकोरी क्षेत्र में आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि कार में पहले से सवार बदमाशों ने ठेकेदार को पीछे बैठाकर जैकेट से उसका मुंह दबाया और गोली मारने की धमकी देकर नकदी छीन ली।
पीड़ित ने जब बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी नाक पर कई वार किए, जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर पहले ठेकेदार को कार से उतारकर फरार हो गए।
बांगारमऊ जा रहे थे ठेकेदार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पारा थाना क्षेत्र की समृद्धि बिहार कॉलोनी निवासी ठेकेदार संजय कुमार पटेल पुत्र मिश्री लाल घर से बांगारमऊ के बेहटा मुजावर जा रहे थे। आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के नीचे स्कॉर्पियो डिजायर कार सवार लोगों ने उनसे बांगारमऊ जाने की बात कही। ठेकेदार ने 100 रुपये किराया तय कर लिया और कार में बैठ गए। कार में पहले से तीन लोग सवार थे।

गोली मारने की धमकी देकर छीने रुपये
आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद कार सवार बदमाशों ने ठेकेदार को अपने कब्जे में ले लिया। जैकेट से मुंह दबाकर गोली मारने की धमकी दी और उनके पास मौजूद 1.45 लाख रुपये छीन लिए। विरोध करने पर नाक पर कई बार हमला किया, जिससे वह घायल हो गए।
घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे की बताई गई है। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित को टोल प्लाजा से लगभग दो किलोमीटर पहले कार से उतारकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।