बदायूं। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बदायूं में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 के तहत परिवहन विभाग का अभियान लगातार जारी है। अभियान के दूसरे दिन विभाग की टीम ने विशेष चेकिंग और प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा। इस दौरान कुल 104 चालान किए गए, जबकि बिना जरूरी दस्तावेजों के संचालित हो रही दो जेसीबी मशीनों को सीज कराया गया।
अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन एवं प्रवर्तन) हरिओम तथा यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी ने जनपद में संचालित स्कूली वाहनों की सघन जांच की। टीम ने कुल 30 स्कूली वाहनों को चेक किया। जांच में विभिन्न कमियां मिलने पर दो वाहनों के चालान किए गए। अधिकारियों ने वाहनों की फिटनेस, परमिट और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानकों की पड़ताल की।
ओवरस्पीडिंग और स्टंट ड्राइविंग पर 104 चालान

दूसरी ओर इंटरसेप्टर के माध्यम से तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ओवरस्पीडिंग और स्टंट ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों को चिह्नित कर कुल 104 चालान किए गए। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
बिना टैक्स, फिटनेस और बीमा के चल रही थीं जेसीबी
वाहनों के टैक्स और जरूरी दस्तावेजों की जांच के दौरान बिना टैक्स, फिटनेस और बीमा के संचालित हो रही दो जेसीबी मशीनें भी पकड़ी गईं। दोनों मशीनों को थाना कादरचौक में सीज कराया गया।
परिवहन विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना और आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करना है। विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, स्टंट ड्राइविंग से बचने और सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने की अपील की।
वहीं स्कूली वाहन संचालकों को बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता न करने और सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।