बांदा। जनपद में विकास कार्यों की रफ्तार, सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और कानून व्यवस्था को लेकर प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, खाद-बीज वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं, निर्माण कार्यों और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने किसानों को समय से खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी और पीएचसी तक जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
जल जीवन मिशन की गुणवत्ता पर डीएम रखेंगे नजर
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को योजना के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि जल संस्थान की पुरानी पानी की टंकियों से पहले की तरह जलापूर्ति जारी रखी जाए, ताकि नई व्यवस्था के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट न खड़ा हो।
जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई और क्षतिग्रस्त सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई और क्षतिग्रस्त सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
सड़कों से लेकर गोशालाओं तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर
सर्दी के मौसम को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने गोशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, पानी और ठंड से बचाव के इंतजाम करने को कहा। निराश्रित गोवंश को अभियान चलाकर गोशालाओं में संरक्षित करने तथा सड़कों पर छुट्टा मवेशियों की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। गोवंश के शवों का सम्मानजनक तरीके से निस्तारण कराने पर भी जोर दिया।
विधायक नरैनी ओम मणि वर्मा ने अतर्रा चौराहे से ओरन चौराहे तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और जनपद की खराब सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का मुद्दा उठाया। वहीं, राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए सरकारी नलकूपों पर पर्याप्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग रखी।
भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में जल्द मिलेगी पेयजल सुविधा
भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में व्यापारियों ने पानी की आपूर्ति न होने की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि पानी की टंकी निर्माण के लिए प्रस्ताव यूपीसीडा को भेजा जा चुका है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में जल्द पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया।
प्रभारी मंत्री ने धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के पहुंच मार्गों को बेहतर बनाने, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खाद्य एवं रसद विभाग को मॉडल अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शीघ्र कराने को कहा।

पुलिस को दो टूक, जनता से सम्मानजनक व्यवहार करें और गलत चालान न काटें
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। अनावश्यक और गलत चालान न काटे जाएं तथा किसी भी नागरिक के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक से पहले प्रभारी मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जनपद के सभी थानों के प्रभारियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारियों और उप जिलाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, गश्त और अपराध नियंत्रण के निर्देश दिए। पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान कराने पर भी जोर दिया।
लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश
एसडीएम को विकास कार्यों की नियमित निगरानी, जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए। पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की सूची तैयार कर उनके लोकार्पण तथा नए कार्यों के शिलान्यास जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने को भी कहा गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी अमित आसेरी ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस दौरान राज्यमंत्री जल शक्ति रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधायक नरैनी ओम मणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, जिलाधिकारी अमित आसेरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।