पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। अपना दल (कमेरावादी) की ओर से शुक्रवार को रोजगार एवं भागीदारी यात्रा निकाली गई। ‘रोजगार नहीं तो सरकार नहीं, भागीदारी नहीं तो सरकार नहीं’ के नारों के साथ आईपी मॉल, जीटी रोड मुगलसराय से शुरू हुई बाइक यात्रा में करीब 250 बाइक सवार शामिल हुए। यात्रा चकिया तिराहा, बाईपास होते हुए आलू मिल और गोधना चौराहे तक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
यात्रा में सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल शामिल हुईं। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर सारनाथ, वाराणसी से इस यात्रा का शुभारंभ किया गया था। यात्रा का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, अवसर, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
युवाओं से अपने हक और भागीदारी के लिए आगे आने की अपील
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि युवा अपने हक और भागीदारी के लिए आगे आएं तथा सरकार की जवाबदेही तय करें। उन्होंने किसान, मजदूर, महिला और युवाओं को रोजगार, आरक्षण और अधिकारों के मुद्दे पर एकजुट होने की जरूरत बताई।
13 मंडलों की 60 सीटों पर तैयारी
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश के 13 मंडलों की 60 सीटों पर अपने दमखम से तैयारी कर रही है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए ‘वन यूथ, वन बूथ पर टेन यूथ’ का लक्ष्य रखा गया है। गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगी।
आठ दिसंबर को लखनऊ में होगा समापन
यात्रा में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल, जिलाध्यक्ष गुरुपूरन पटेल, जिला महिला मंच अध्यक्ष खुशबू विश्वकर्मा, युवा मंच जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पटेल, जिला महासचिव रमेश सिंह पटेल, जिला सचिव दुर्गा प्रसाद गुप्ता, किसान मंच जिलाध्यक्ष संदीप पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रोजगार एवं भागीदारी यात्रा चंदौली से शुरू होकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आठ दिसंबर को लखनऊ में यात्रा का समापन होगा।