लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में HIV संक्रमित मरीज ने डॉक्टर और कर्मचारी पर अभद्रता व भेदभाव करने का गंभीर आरोप लगाया है। मीडिया रिपोर्टेस् के अनुसार, मरीज का दावा है कि इलाज के दौरान उसके साथ गलत व्यवहार किया गया और उसे ART (एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी) की पूरी दवा भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे परेशान होकर मरीज ने KGMU में इलाज बंद कर दूसरी जगह उपचार शुरू करा लिया।

शिकायत के मुताबिक, मरीज को दिसंबर 2025 में जांच के दौरान HIV संक्रमण का पता चला था। इसके बाद वह इलाज के लिए KGMU पहुंचा। आरोप है कि एक महिला डॉक्टर ने संक्रमण के डर से उसे मास्क लगाकर रखने को कहा। वहीं, मरीज ने एक महिला कर्मचारी पर भी अभद्रता और भेदभाव करने का आरोप लगाया है।

मरीज का कहना है कि 9 अप्रैल को उसे ART की सिर्फ 14 गोलियां दी गईं। इसके बाद उसने KGMU से इलाज बंद कर दिया। मामले में मरीज ने कुलपति, कुलसचिव, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO), उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी और राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) को शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

KGMU ने आरोपों को बताया गलत

वहीं, KGMU के प्रवक्ता ने मरीज से अभद्रता के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि अस्पताल में उपलब्धता के अनुसार मरीजों को मुफ्त दवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।