चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में मंगलवार को देव दीपावली के पावन अवसर पर मानसरोवर तालाब 11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाम 6:05 बजे दीप प्रज्ज्वलित कर तालाब को रोशनी से सजाया जाएगा। कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 70 सदस्यों की टीम बनाई गई है, जिसे चार सेक्टरों में बांटकर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वर्ष 2005 से लगातार हो रहा आयोजन
श्री सूर्योदय मंदिर के संस्थापक कृष्णा गुप्ता ने बताया कि मानसरोवर तालाब पर वर्ष 2005 से लगातार देव दीपावली का आयोजन किया जा रहा है। इस बार आयोजन का 21वां वर्ष है। हर साल इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोग सहयोग करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष देव दीपावली के साथ गुरु नानक देव जी की जयंती का भी विशेष संयोग है। आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए चारों सेक्टरों में सदस्यों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट
देव दीपावली पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन कुमार सिंह, अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह और सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है और किसी भी तरह की लापरवाही रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
तालाब में उतरने की अनुमति नहीं
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी। किसी भी व्यक्ति को पानी में उतरने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस के साथ आरपीएफ, नागरिक सुरक्षा के सदस्य और आयोजन समिति के कार्यकर्ता भी व्यवस्था संभालेंगे।
प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में देव दीपावली का पर्व मना सकें।