हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरदोई-मल्लिकपुर गांव के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए दोनों लेन के बीच बनी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में 140 से अधिक यात्री सवार थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
पानीपत से बिहार जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस हरियाणा के पानीपत से मजदूरों को लेकर बिहार जा रही थी। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस रेलिंग तोड़ते हुए दोनों लेन के बीच बनी खाई में जा गिरी। बस में बड़ी संख्या में यात्रियों के सवार होने के कारण हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, यूपीआईडीए टीम के पहुंचने में हुई देरी
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, यूपीआईडीए की टीम काफी देर से घटनास्थल पर पहुंची। इस बीच ग्रामीणों ने पुलिस और यूपीआईडीए कर्मियों पर घटना की फोटो और वीडियो बनाने से रोकने का आरोप लगाया।
क्रेन की मदद से खाई से निकाली गई बस
बाद में क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकाला गया और उसे टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम ले जाया गया। हादसे के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और यात्री वाहनों की क्षमता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।