श्रावस्ती। दीपावली के पावन अवसर पर विधानसभा श्रावस्ती के ब्लॉक गिलौला अंतर्गत अंबेडकर ग्राम हरिहरपुर में 20वें दीपावली उपहार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मसूद आलम खान की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 2,000 महिलाओं एवं बच्चों को साड़ियां, कपड़े, मिठाइयां और उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं।

समारोह में सांसद राम शिरोमणि वर्मा, भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा एवं पूर्व विधायक राम सागर अकेला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वजीत यादव ने की।

इस अवसर पर सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से होली, दीपावली और ईद जैसे त्योहारों पर सामाजिक एवं उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा लगातार निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के त्योहारों में सहभागी बनने से समाज में भाईचारा बढ़ता है, आपसी सद्भाव मजबूत होता है और मोहब्बत का संदेश फैलता है। इससे देश की एकता एवं अखंडता भी मजबूत होती है।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मसूद आलम खान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, सम्मानित कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।