कटरा बाजार (गोंडा)। जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में दुबहा-कटरा मार्ग पर चौहानपुरवा गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और उसकी आठ माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा महिला का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुबहा बाजार निवासी शाहिद की पत्नी साफिया (30) अपनी आठ माह की बीमार बेटी करिश्मा को दवा दिलाने के लिए अपने देवर साबिर के साथ मोटरसाइकिल से करनैलगंज जा रही थीं। इसी दौरान चौहानपुरवा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साफिया और उनकी मासूम बेटी करिश्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साबिर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो मासूम बेटों के सिर से उठा मां का साया

हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतका के पति शाहिद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके दो बेटे रिजवान (12) और इमरान (4) हैं। मां और छोटी बहन की मौत से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जिला अस्पताल रेफर किया गया घायल

सूचना मिलते ही कटरा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अधीक्षक डॉ. इंदु राणा ने बताया कि अस्पताल में तीन लोगों को लाया गया था, जिनमें साफिया और उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल साबिर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गोंडा रेफर किया गया।

थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।