गोण्डा। कोतवाली देहात पुलिस ने दहेज मृत्यु के मामले में वांछित मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम कैथौला डीहा स्थित उनके घर पर दबिश देकर जय देवी और रामप्रकाश तिवारी को पकड़ा। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 19 जुलाई 2026 को कोतवाली देहात थाने में मुकदमा संख्या 716/2026 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई है।
7 मई 2025 को हुई थी शादी
शिकायतकर्ता मुरलीधर दूबे निवासी नदईपुरवा बमडेरा, थाना कटरा बाजार, गोंडा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी 7 मई 2025 को रामप्रकाश तिवारी पुत्र सुभाष चन्द्र तिवारी निवासी कैथौला डीहा के साथ हुई थी।
शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। बेटी ने मायके वालों को भी अपनी परेशानी बताई थी। इसके बाद परिवार और अन्य लोगों ने ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया।
19 जुलाई को मिली थी मौत की सूचना
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 19 जुलाई 2026 को उन्हें अपनी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जय देवी पत्नी सुभाष चन्द्र तिवारी और उनके बेटे रामप्रकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ग्राम कैथौला डीहा, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोंडा के निवासी हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।