गोण्डा। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने गोण्डा की नवीन मंडी में धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद व्यवस्था और किसानों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान की गुणवत्ता जांच, खरीद प्रक्रिया और संबंधित रिकॉर्ड देखे। साथ ही, अब तक हुई खरीद की जानकारी ली।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों से तय मानकों के अनुसार पारदर्शिता से धान खरीदने को कहा। उन्होंने क्रय केंद्रों पर पीने का पानी और बैठने की व्यवस्था समेत जरूरी सुविधाएं देने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को उपज बेचने में परेशानी न हो।

उन्होंने किसानों को धान बेचने के बाद नियम के मुताबिक समय पर भुगतान करने और खरीद में बेवजह देरी न करने को कहा। खरीद से जुड़े रिकॉर्ड अपडेट रखने और शासन के निर्देशों का पालन करने के निर्देश भी दिए।

मौके पर मौजूद संभागीय खाद्य अधिकारी को देवीपाटन मंडल के गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में धान खरीद की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने सभी क्रय केंद्रों की नियमित निगरानी और पारदर्शी खरीद व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि धान खरीद में लापरवाही, गड़बड़ी या किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारी निभाने और किसानों को उपज का उचित मूल्य व समय पर भुगतान दिलाने को कहा।