पट्टी प्रतापगढ़।।एएनटीएफ टीम लखनऊ और पट्टी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने पट्टी क्षेत्र के नारंगपुर बाजार के पास औराईन मोड़ से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 700 ग्राम एमडीएमए (मेफेड्रोन) ड्रग्स, 7,380 रुपये नकद, तीन एंड्रॉइड मोबाइल और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

एएनटीएफ यूनिट लखनऊ के उपनिरीक्षक सूरज सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पट्टी थाना क्षेत्र में कुछ लोग अवैध एमडीएमए ड्रग्स की तस्करी करने वाले हैं। इस सूचना पर एएनटीएफ और थाना पट्टी पुलिस (प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार व क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह) की संयुक्त टीम ने औराईन मोड़ के पास अर्धनिर्मित मकान के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे तीनों युवकों को दबोच लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरिकेश कुमार तिवारी निवासी औराईन, मुजाही बाजार, पट्टी, अभिनव त्रिपाठी उर्फ अरुण त्रिपाठी निवासी औराईन, पट्टी,अतुल तिवारी निवासी औराईन, पट्टी और श्याम पाठक निवासी सिरनाथपुर, सराय महेश,पट्टी के रूप में हुई है।

जामा तलाशी के दौरान हरिकेश के पास से 250 ग्राम, अभिनव के पास से 210 ग्राम और श्याम पाठक के पास से 240 ग्राम एमडीएमए (कुल 700 ग्राम) बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कम दाम में ड्रग्स खरीदकर महंगे दामों पर ग्राहकों को बेचते थे और मुनाफे को आपस में बांटते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।