गोण्डा। दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ गोण्डा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में शुक्रवार, 6 नवंबर को थाना कौड़िया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पृथ्वीनाथ मोड़ स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक अमन कन्नौजिया, चौकी प्रभारी आर्यनगर, पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पृथ्वीनाथ मोड़ स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक बोरी में 555 अदद सुतली बम तथा एक कार्टून और थैले में विभिन्न प्रकार के अन्य पटाखे बरामद हुए।

मौके पर मौजूद फैयाज पुत्र महरूम, निवासी ग्राम बीरपुर भोज, थाना खरगूपुर से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण करने और असुरक्षित तरीके से रखने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में थाना कौड़िया में मु0अ0सं0 270/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी एवं बीएनएस की धारा 288 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमन कन्नौजिया, हेड कांस्टेबल नागेन्द्र प्रसाद और कांस्टेबल जसीम अहमद शामिल रहे।