गोण्डा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ, गोंडा ने मानदेय भुगतान की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष अवधेश मणि मिश्रा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, सहायक लेखाकारों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, जिला समन्वयकों और SNA पोर्टल से मानदेय पाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का भुगतान जल्द करने की मांग की गई।

अवधेश मणि मिश्रा ने कहा कि त्योहारों के समय सरकार नए प्रयोग शुरू करती है, जिसका असर शिक्षक-कर्मचारियों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले होली पर बैंक मर्जर के कारण परेशानी हुई थी। अब SNA पोर्टल लागू होने से कर्मचारियों का मानदेय भुगतान रुका है।

उन्होंने बताया कि एक महीने पहले उच्च अधिकारियों और BSA से समय पर भुगतान की तैयारी पूरी करने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद मानदेय का भुगतान नहीं हुआ।

ज्ञापन में शिक्षामित्रों का मूल विद्यालय में तबादला करने की मांग भी की गई। संघ के मुताबिक, शासन के निर्देश के बाद भी तबादला नहीं हुआ है। इस वजह से शिक्षामित्रों को रोज 80 से 100 किलोमीटर दूर जाकर पढ़ाना पड़ रहा है।

ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अवधेश मणि मिश्रा, महामंत्री शिव मूर्ति पांडे, पृथ्वीराज सोनकर, आदर्श वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, परिषदीय अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष अतुल कुमार यादव, कृष्ण कुमार पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार, रावेन्द्र प्रताप सिंह, रिंकू, हनुमंत तिवारी, राजकुमार शुक्ला, मार्शल सरवन कुमार शुक्ला, मनुवा तिवारी, रमेश मिश्रा, राकेश सिंह समेत तमाम शिक्षामित्र मौजूद रहे।