गोण्डा। गोंडा में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दयानंद प्रसाद ने कृषि विभाग कार्यालय परिसर से किसानों को जागरूक करने के लिए प्रचार वाहन रवाना किया। यह वाहन जिले के गांवों तक सरकारी योजनाओं, खेती की तकनीकों और डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी पहुंचाएगा।
वाहन जिले के विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में जाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी देगा।
किसानों को कम लागत में अधिक पैदावार के लिए धान की सीधी बुवाई (डीएसआर पद्धति) और जैविक खेती के बारे में भी बताया जाएगा। अभियान में फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि किसान सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।

रबी सीजन को देखते हुए किसानों को खेतों में पराली न जलाने और पूसा डीकंपोजर जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, प्रचार वाहन लाउडस्पीकर, ऑडियो-विजुअल माध्यमों और सूचना पत्रकों से जानकारी देगा। किसानों की समस्याओं के समाधान के तरीके भी मौके पर बताए जाएंगे।